खास खबर
राजा भैया भी लेंगे तलाक, दिल्ली में रहती हैं पत्नी भानवी

फरीदाबाद| उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेताओं में शुमार बाहुबली नेता रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया अपनी पत्नी भानवी सिंह से तलाक ले रहे हैं| उन्होंने दिल्ली के साकेत कोर्ट में अपनी अर्जी दी थी जिसपर आज सोमवार (10 अप्रैल) को उनकी पत्नी ने समय माँगा जिसपर सुनवाई टल गई|
राजा भैया प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक और तलाक की अर्जी राजा भैया की ओर से दाखिल की गई थी। इस पर कोर्ट की ओर से राजा भैया की पत्नी भानवी को नोटिस भेजा गया था। जिस पर भानवी सिंह की तरफ से कोर्ट में पेश हुए वकील ने जवाब दाखिल करने के लिए अदालत से समय मांगा। अदालत ने इस मामले पर सुनवाई 23 मई तक के लिए स्थगित कर दी। मामला पारिवारिक न्यायालय की न्यायाधीश शुनाली गुप्ता की कोर्ट में है।
बता दें कि राजा भैया की भानवी सिंह के साथ शादी वर्ष 1995 में हुई थी। शादी के समय राजा भैया करीब 25 वर्ष के थे। कुछ वर्षों से दोनों का रिश्ता बिगड़ना शुरू हो गया था। इस बीच, भानवी सिंह राजा भैया से अलग होकर अपने दिल्ली स्थित आवास पर रहने लगी थीं।
भदरी रियासत के राजा रघुराज प्रताप सिंह की शादी जिन भानवी से हुई है, वह भी बस्ती के राजघराने से संबंध रखती हैं। राजनीति में नहीं तो कारोबार में उनकी अच्छी-खासी उपस्थिति है।
भानवी सिंह बस्ती राजघराने के कुंवर रवि प्रताप सिंह की तीसरी बेटी हैं। बस्ती और लखनऊ में उन्होंने पढ़ाई की है। 10 जुलाई 1974 को बस्ती में ही उनका जन्म हुआ था। साल 1995 में भदरी रियासत के राजा उदय प्रताप सिंह के बेटे रघुराज प्रताप सिंह से उनकी शादी हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे शिवराज प्रताप सिंह, बृजराज प्रताप सिंह और दो बेटियां राघवी और बृजेश्वरी सिंह हैं।
राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह कारोबार करती हैं। कहा जाता है कि उनके पास राजा भैया से ज्यादा संपत्ति है। साल 2017 के चुनाव में रघुराज प्रताप सिंह ने अपने हलफनामे में कुल 14 करोड़ की संपत्ति का ऐलान किया था। इसमें से 7.2 करोड़ की संपत्ति उनकी पत्नी के नाम थी जबकि 6 करोड़ की संपत्ति राजा भैया के नाम थी।
राजा भैया और भानवी सिंह की शादी में तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव भी शामिल हुए थे। इस दौरान एक ऐसा वाकया हुआ, जिससे हड़कंप मच गया। दरअसल, शादी में शामिल होने आए मुलायम सिंह पर किसी ने रंग फेंक दिया था। इससे उनके सिक्योरिटी गार्ड्स में अफरा-तफरी मच गई। बाद में बताया गया कि यह रस्म अदायगी थी और मुलायम सिंह को समधी मानते हुए यह रंग भानवी की मां मंजुला सिंह ने उन पर फेंका था।
भानवी सिंह आभूषणों और हथियारों की भी शौकीन हैं। उनके पास साढ़े 4 किलो सोना, 10 किलो चांदी और 21 सोने के सिक्के हैं। वहीं उनके पास कई सारे हथियार भी हैं। उनके पास 90 हजार की एक पिस्टल, एक रायफल और बंदूक भी है।
राजा भैया के चचेरे भाई हैं अक्षय प्रताप सिंह। भानवी सिंह ने उन पर जालसाजी का के दर्ज करा हड़कंप मचा दिया था। उन्होंने अक्षय प्रताप सिंह पर आरोप लगाया था कि उन्होंने उनसे जुड़ी कंपनियों के शेयर उनके जाली हस्ताक्षर से बेची हैं। इस मामले के सामने आने के बाद जब राजा भैया से पूछा गया कि वह किसका साथ देंगे तो उन्होंने साफतौर पर कह दिया था कि वह अपने भाई यानी कि अक्षय प्रताप सिंह के साथ हैं। तभी से यह कयास लगने लगे थे कि पति-पत्नी के बीच सब ठीक नहीं है।
खास खबर
अम्बेडकर मेधावी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन 20 तक

फरीदाबाद। डीसी विक्रम सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग कल्याण विभाग, अन्त्योदय एस.ई.डब्ल्यू.एस द्वारा चलाई जा रही डा. बी आर अम्बेडकर मेधावी छात्रवृत्ति संशोधित योजना के वर्ष 2022-23 में छात्र / छात्राओं की छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र विभागीय वेबसाईट https://schemes.haryanascbc.gov.in पर प्राप्त करने की अन्तिम तिथि 10 फरवरी 2023 निश्चित की गई थी। अब 20 अप्रैल 2023 त्रुटि दूर करके आवेदन पत्रों को ऑनलाइन कर सकते है।
जबकि वर्ष 2022- 2023 में प्राप्त जिन आवेदन पत्रों में त्रुटि पाई गई थी। ऐसे आवेदन पत्रों को त्रुटि के कारण सहित सैंड बैंक कर दिया गया था। ऐसे छात्र / छात्रा अपने सैंड बैंक आवेदन पत्र में दर्शाई गई त्रुटि को https://schemes.haryanascbc.gov.in की ऑनलाइन साईट पर Citizen Login के ऑप्शन पर जाकर स्वयं व सी०एस०सी० सेंटर / अंत्योदय केंद्र के माध्यम से पर सरल आईडी व पासवर्ड 123456 भरकर अपलोड करवाना सुनिश्चित करें।
जिला कल्याण अधिकारी राजबीर शर्मा ने बताया कि इस दौरान यदि कोई भी छात्र / छात्रा अपने आवेदन पत्र की त्रुटि दूर नहीं कर पाया तो उस आवेदन पत्र को निश्चित तिथि के बाद रद्द माना जायेगा। जिनके लिये निम्न विवरण शर्तों का पालन किया जाना है। उक्त योजना के तहत छात्र/छात्रा द्वारा पास की गई कक्षा की मार्कशीट, रिहायशी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक खाता, अगली कक्षा का आई०डी० कार्ड तथा माता-पिता या अभिभावक की 04 लाख से कम का आय प्रमाण होना अनिवार्य है। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन पत्रों पर कोई विचार नहीं किया जायेगा।
अधिक जानकारी के लिये जिला कल्याण अधिकारी, कार्यालय कमरा न 408-409, चौथी मंजिल लघु सचिवालय सेक्टर 12 में 0129-2285175 पर सम्पर्क करें।
खास खबर
खेल नर्सरियों के लिए आवेदन 13 अप्रैल तक

– आवेदन पत्र व नियम- शर्तें विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध
– एक संस्थान में 2 से अधिक नर्सरियां नहीं होगी आवंटित
– संस्थान के पास खेल विशेष का आधारभूत ढांचा व उपकरण हो उपलब्ध
फरीदाबाद । डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग द्वारा सत्र 2023-24 में सरकारी तथा निजी शिक्षण संस्थानों तथा निजी खेल संस्थानों ,निजी खेल अकादमियां, निजी खेल प्रशिक्षण केन्द्रों में खेल नर्सरियां चलाने के लिए 13 अप्रैल 2023 तक आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये हैं।
डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि खेल नर्सरी चलाने के जिला के इच्छुक सरकारी तथा निजी शिक्षण संस्थान तथा निजी खेल संस्थान अपना आवेदन पत्र विभागीय नियम व शर्तों अनुसार 13 अप्रैल तक जिला खेल अधिकारी के कार्यालय में जमा करवा सकते हैं।जिला खेल अधिक देवेन्द्र गुलिया ने बताया कि खेल नर्सरी हेतु आवेदन पत्र तथा नियम व शर्तें विभागीय वेबसाईट haryanasports.gov.in पर अपलोड की गई हैं। निर्धारित तिथि 13 अप्रैल के पश्चात् प्राप्त होने वाले आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किये जायेंगे। एक संस्थान में दो से अधिक खेल नर्सरियां आवंटित नहीं की जायेंगी। खेल नर्सरी हेतु केवल वहीं संस्थान आवेदन कर सकते हैं, जिनके पास खेल विशेष का आधारभूत ढांचा व खेल उपकरण उपलब्ध हों। इस संदर्भ में अधिक जानकारी के लिए किसी भी कार्यदिवस में स्थानीय खेल परिसर सेक्टर-12 में स्थित जिला खेल कार्यालय में सम्पर्क किया जा सकता है।
खास खबर
जमशेदपुर में हिंसा के बाद इंटरनेट बंद

दो गुटों में पत्थरबाजी और फायरिंग के बाद धारा 144 लागू, सुरक्षा बलों का फ्लैग मार्च
डेस्क | झारखंड के जमशेदपुर में झंडा विवाद पर दो दिन के तनाव के बाद सोमवार को हालात काबू में हैं। सुरक्षा बलों ने सुबह कदमा शास्त्रीनगर ब्लॉक में फ्लैग मार्च किया। पूरे इलाके में धारा 144 लागू कर इंटरनेट बंद कर दिया। इस बीच, पुलिस ने अब तक 60 लोगों को अरेस्ट किया है। रविवार देर रात इस इलाके में फिर माहौल बिगड़ गया। दो गुटों में जमकर पथराव हुआ। मामला बिगड़ा तो एक गुट ने पुलिस पर भी पत्थर फेंके। करीब 8 राउंड फायरिंग भी की। जवाब में पुलिस ने भी हवाई फायरिंग की। पत्थरबाजी में ट्रैफिक DSP कमल किशोर समेत कई पुलिस वाले घायल हो गए।
सिटी एसपी के.विजयशंकर ने बताया कि भाजपा नेता अभय सिंह को रविवार को जमशेदपुर में हुई हिंसा के मामले में गिरफ्तार किया गया है। अबतक कुल 57 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। 120 लोगों पर नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। टीम दुकानों की आग बुझाती हुई।
दरअसल, शनिवार की रात रामनवमी के झंडे के खंभे में मांस का टुकड़ा मिलने को लेकर रविवार रात हनुमान मंदिर में हिंदु संगठनों की बैठक हो रही थी। इसी दौरान एक गुट ने मंदिर में बैठक कर रहे लोगों पर पथराव शुरू कर दिया। जिसके बाद दोनों पक्षों की ओर से पथराव शुरू हो गया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। तीन घंटे तक बवाल हुआ।
प्रशासन ने क्या कहा
उपायुक्त विजया जाधव ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों ने सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की कोशिश की है। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर रख रहा है। अपील है कि किसी भी तरह के अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।